
गुवाहाटी, 09 नवम्बर (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार काे असम की कला और संस्कृति की समृद्ध विरासत का प्रतीक ‘श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र’ के स्थापना दिवस पर असमवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए दिए अपने संदेश में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के उस भावपूर्ण कथन को याद किया “श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र ही मेरा अंतिम ठिकाना होगा” और कहा कि यह संस्थान असम की सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है।
डॉ. सरमा ने कहा कि 1998 में आज ही के दिन जनता के लिए समर्पित यह राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर असम की कला, संस्कृति और परंपराओं के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने इसके निर्माण से जुड़े सभी व्यक्तियों का स्मरण करते हुए वर्तमान अधिकारियों, कर्मचारियों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस राष्ट्रीय धरोहर को और अधिक विस्तार देने तथा नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहे।
——————-
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश