
भाेपाल, 8 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची एसआईआर कार्यक्रम में बड़ी धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेराफेरी कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम काटने और जोड़ने की प्रक्रिया को कॉम्प्लेक्स बनाकर नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया और इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया। पार्टी ने इस मुद्दे पर देशभर में अभियान चलाने और 25 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में शामिल करना आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रक्रिया में बदलाव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अब नागरिकों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। एसआईआर के नए नियमों में नागरिकों से नागरिकता का प्रमाण मांगा जा रहा है, जो गरीब, बेघर और वंचित वर्गों के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है, न कि नागरिकों से नागरिकता साबित करने की मांग करना।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में 62 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं, जिनमें अधिकांश अल्पसंख्यक समुदाय के हैं। भाजपा इसे ‘घुसपैठ रोकने’ के नाम पर राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय 88 हजार घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया गया था, जबकि एनडीए सरकार ने 2014 से अब तक केवल 2400 लोगों की पहचान की है, जो कुल का मात्र 3 प्रतिशत है।
ब्राजील की मॉडल भी हमारी वोटर
प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के साथ बैठकें नहीं कर रहा है और सुप्रीम कोर्ट की सलाह को भी नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर मध्य प्रदेश में 50 लाख से अधिक वोटरों के नाम काटने की तैयारी है, जिनमें अप्रवासी, आदिवासी और अन्य वर्गों के लोग शामिल हैं। उन्होंने तंज कसा, “वोट चोरी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है, ब्राजील के मॉडल भी अब हमारे देश के वोटर बन चुके हैं। इससे बड़ा फर्जीवाड़ा और क्या हो सकता है।” उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस को इंतजार है कि चुनाव आयोग राहुल गांधी के साथ बैठक कर वोटर लिस्ट की समीक्षा कब करेगा।
कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि पार्टी ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक अभियान चलाया है, जिसका जवाब चुनाव आयोग के बजाय भाजपा के नेता दे रहे हैं। पटवारी ने आंकड़े पेश करते हुए कहा, “इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश में 35 लाख 56 हजार 886 लोगों के हस्ताक्षर कराए गए हैं।” उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश को 1,047 ब्लॉक और उप-ब्लॉक में बांटकर एसआईआर प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए एक मजबूत तंत्र बनाया है, जिसमें हर विधानसभा में अधिवक्ता और BLA-1 व BLA-2 नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि 25 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी के सभी सांसद और जनप्रतिनिधि जुटेंगे और इस मुद्दे पर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे।
पूर्व मंत्री ने लगाए गंभीर आराेप
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने जमीनी स्तर पर हो रही समस्याओं को उजागर किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 65 हजार बूथों पर बीएलओ तक गणना पत्रक नहीं पहुंचे हैं और संबंधित ऐप भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। 2024 तक नियम था कि केवल नियमित कर्मचारियों ही बीएलओ की ड्यूटी दी जाए। लेकिन 2025 में गाइडलाइन बदलकर आउटसोर्स कर्मचारियों को भी बीएलओ बना दिया गया है। पूर्व मंत्री वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा इस तरह की गड़बड़ियों के जरिए लोकतंत्र को खत्म कर अपनी सरकार बनाना चाहती है। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से मांग की कि अंतिम प्रकाशन से पहले मतदाता सूची की जांच करने का अवसर राजनीतिक दलों और मीडिया को दिया जाना चाहिए।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे