

– दोनों को इलाज के लिए जबलपुर भेजा
कटनी, 29 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के कटनी जिले में स्थित कैमोर नगर में गत दिवस भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जबलपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया ने बुधवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कैमोर निवासी भाजपा नेता नीलेश उर्फ नीलू रजक की हत्या के मामले में आरोपित अकरम खान व प्रिंस जोसफ का नाम सामने आया था। घटना के बाद कैमोर और विजयराघवगढ़ में बवाल मच गया था। लोगों ने बाजार बंद कर चक्काजाम कर दिया था। आरोपी अकरम खान और प्रिंस जोसेफ के कजरवारा में होने सूचना मिली थी। इसके बाद रात करीब दो बजे पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से चार राउंड फायर किए गए। आरोपियों के पैर और हाथ में गोली लगी है। दोनों आरोपितों को तत्काल इलाज के लिए जबलपुर रवाना किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कैमोर में भाजपा के पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष नीलेश रजक को बाइक सवार दो लोगों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के पास गोली मार दी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता की हत्या के बाद परिजनों ने चक्काजाम किया था। उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। आरोपियों को जल्द पकड़ने और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद 7 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। रात में ही शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। मामले में पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने कैमोर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौबे और प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल को लाइन अटैच कर दिया था।
घटना के बाद आरोपी प्रिंस के पिता नेल्सन जोसेफ ने आत्महत्या कर ली थी। नेल्सन के भतीजे ने बताया कि चाचा सुबह करीब 11:30 बजे घर आए और सबसे नॉर्मल बातचीत की। इसके बाद उन्होंने अंदर जाकर गेट लगा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों ने जाली से देखा तो वे फांसी लगा चुके थे।
वहीं, विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक ने बताया कि डीएवीवी स्कूल की एक छात्रा ने शिकायत की थी कि कोई मुस्लिम लड़का उनके साथ छेड़खानी करता है। नीलेश रजक उसे समझाने गए थे। उस दौरान विवाद और मारपीट हुई थी। मामला थाने पहुंचा था। दोनों पक्षों पर एफआईआर हुई, काउंटर केस बना। बाद में अकरम नाम के लड़के ने बोला था कि मैं तेरे को बीच चौराहे में गोली मारूंगा। डेढ़ महीने बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। मैंने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से बात की। उन्होंने कठोर से कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धारवे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर बाइक से आकर भाजपा नेता को गोली मारते स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। देर रात तक कई थानों के पुलिस बल सहित आइजी, डीआईजी और अन्य अधिकारी डेरा डाले रहे। पुलिस की टीमों को आरोपित दोनों युवकों की तलाश में लगाया गया था। जो पुलिस को कजरवारा के पास मिले और वही पुलिस से मुठभेड़ में दोनों घायल हुए। नगर में आज स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
(Udaipur Kiran) तोमर