ग्वालियर, 07 नवंबर (Udaipur Kiran) ।मौसम अब तेजी से बदल रहा है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी इस सीजन में गुरुवार-शुक्रवार की रात सबसे ठंडी रही। अधिकतम तापमान में भी पिछले दो दिन में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानी इस बदलाव के पीछे उत्तरी हवा का असर बता रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से देर रात से अल सुबह तक हल्की सर्दी तो दिन में हल्की गर्मी का असर था लेकिन पिछले दो दिन में ही मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय ग्वालियर-चंबल संभाग के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। हालांकि इस समय उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी हरियाणा में चक्रवातीय परिसंचरण मौजूद हैं लेकिन उनका यहां कोई असर नहीं है। इस वजह से हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी हो गया है। यानी उत्तर-पश्चिम से ग्वालियर-चंबल की ओर ठंडी हवा आ रही है।
चूंकि हाल ही में पश्चिमी हिमालय में आए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई है। वहां से ठंडी हवा सीधे ग्वालियर-चंबल की ओर आ रही है। इसी कारण तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंड का असर बढऩे लगा है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 11.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी प्रकार अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा