Jharkhand

सड़क दुर्घटना और प्रशासनिक दमन के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन

प्रदर्शन कीतस्वीर
घटनास्थल की तस्वीर

रांची, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी सिहंभूम (चाईबासा) में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से परेशान विभिन्न आदिवासी संगठनों की ओर से शहर में “नो एंट्री” के समय नियमों के कड़ाई से पालन की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। लेकिन इस प्रदर्शन पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे गए।

इस घटना के विरोध में भाजपा रांची महानगर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मंत्री दीपक बिरुवा का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि प्रशासनिक अत्याचार में कई निर्दोष लोग घायल हुए हैं और कुछ प्रदर्शनकारी अब तक लापता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस लड़ाई को जनता के साथ मिलकर पूरी ताकत से लड़ेगी।

उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन छेड़ेगी। साहू ने कहा, “हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, लेकिन सरकार की तानाशाही मानसिकता को हर स्तर पर जवाब दिया जाएगा। साहू ने कहा “भाजपा जनता के साथ खड़ी है, तानाशाही नहीं चलेगी।

भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार जनता के मुद्दों से पूरी तरह दूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और उगाही में लगी हुई है, इसी कारण नो एंट्री नियम को सख्ती से लागू नहीं करना चाहती।

सिंह ने कहा कि जब जनता ने संगठित होकर इस लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाई, तो सरकार ने आंदोलन को दबाने के लिए पुलिसिया बर्बरता का सहारा लिया।

इस विरोध प्रदर्शन में केके गुप्ता, बलराम सिंह, राजू सिंह, रंजीत नाथ सहदेव, इंद्रजीत यादव, पीयूष विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top