
रांची, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची के हटिया क्षेत्र में आस्था और उल्लास के साथ छठ महापर्व मंगलवार को संपन्न हुआ।
हटिया छठ घाट, हेसाग तालाब, पटेल नगर, धुर्वा डैम, तिरुपति अपार्टमेंट और नेपाली कॉलोनी सहित पूरे राजधानी रांची क्षेत्र में सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
छठ व्रतियों ने परिवार और समाज के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। सबों ने भगवान सूर्य के प्रति कठोर आस्था का परिचय दिया। अपने परिवार बड़े बुजुर्गों और समाज की उन्नति की कामना की। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं की भीड़ से घाटों पर रौनक छायी रही। छठव्रती रश्मि कुमारी ने कहा कि वह पांच सालों से निरंतर छठ पूजा कर रही है। इसलिए अपने परिवार के साथ हटिया घाट आई है। आत्मसंयम और निष्ठा के साथ महापर्व छठ पूजा की है।
शकुंतला सिंह ने इसे स्त्री शक्ति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया, वहीं बुद्धेश्वर बड़ाईक ने कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देता है। पूरे शहर में भक्ति, अनुशासन और लोक परंपरा की झलक देखने को मिली। छठी मैया के जयघोष से राजधानी रांची का हर कोना गूंज उठा।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
