
मंदसाैर, 6 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन निरीक्षण (एसआईआर 2025) पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। नगर परिषद भवन में भाजपा मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। अधिकारियों ने मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति मतदान से वंचित न रहे। देवड़ा ने कार्यकतार्ओं से मतदाता जागरूकता बढ़ाने और नए मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग करने की अपील की। इस कार्यक्रम में स्वदेशी अपनाओ अभियान पर भी विशेष चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया साथ ही कार्यशाला के सफल संचालन में भाजपा मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया