HEADLINES

छठ मइया के आशीर्वाद से बिहार में फिर एनडीए की सरकार बनेगी: सी.आर. पाटिल

केंद्रीय मंत्री सी.आर.पाटिल

– प्रशांत किशोर का दावा खोखला

– मेहनत और भक्ति दोनों में बिहार आगे

सूरत, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने सूरत में छठ पूजा के अवसर पर बिहारियों की विशाल भीड़ को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की जीत पर पूरा भरोसा जताया।

पाटिल ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि छठ मइया के आशीर्वाद से बिहार के लोग एक बार फिर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा-जदयू गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और प्रशांत किशोर जैसे राजनीतिक रणनीतिकारों के “सरकार बनाने” के दावे केवल हवा में की गई बातें हैं।

छठ महापर्व के पावन अवसर पर सी.आर. पाटिल चुनाव प्रचार छोड़कर विशेष रूप से सूरत पहुंचे थे। उन्होंने डिंडोली और साचिन क्षेत्रों में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में भाग लिया, जहां बिहार और पूर्वांचल के लाखों श्रद्धालु मौजूद थे।

सूरत शहर में बड़ी संख्या में बिहार के श्रमिक और परिवार रहते हैं, और हर साल यहां छठ पूजा का आयोजन बहुत भव्य स्तर पर किया जाता है। पाटिल ने इस मौके पर बिहारवासियों से संवाद करते हुए कहा कि “बिहार के लोगों की मेहनत और भक्ति दोनों देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है।”

इस प्रकार सूरत की धरती से ही पाटिल ने स्पष्ट संदेश दिया कि एनडीए बिहार में एकजुट है और जनता का आशीर्वाद उनके साथ है।

(Udaipur Kiran) / यजुवेंद्र दुबे

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Most Popular

To Top