Jharkhand

छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, दामोदर घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अर्घ्य देते व्रती
उद्घाटन करते सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी
घाट पर उमड़ी भीड़
थदंडवत देते श्रद्धालु
छठ घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब

रामगढ़, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । महापर्व छठ का अनुष्ठान कर सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने अर्घ्य अर्पित किया। डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ देने के लिए दामोदर नदी घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इसके अलावा जिले के कई छठ घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने एक साथ आस्था में डुबकी लगाई। शाम से ही व्रतियों का हुजूम छठ घाट पर आना शुरू हो गया था। सिर पर दौरा लिए छठ व्रती भगवान सूर्य को दंडवत देते हुए पहुंचे। शहर की दामोदर नदी छठ घाट पूजा पंडाल का उद्घाटन व्रतियों के साथ मिलकर गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने किया‌। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों को महान पर्व की शुभकामनाएं दी । उन्होंने कहा की शुद्धता और पवित्रता का यह महापर्व लोगों को प्रकृति से जोड़ता है।

व्रतियों के लिए लगा कारपेट, रोशनी से जगमगाया शहर

रामगढ़ शहर के दामोदर नदी घाट, बिजुलिया तालाब घाट, जारा बस्ती घाट के अलावा अन्य स्थानों पर बनाए गए छठ घाट पर व्रतियों के लिए कारपेट लगाए गए थे। हर जगह रोशनी के पुख्ता इंतजाम भी थे। छठ घाटों पर चेंजिंगरूम की व्यवस्था थी। इसके अलावा शहर की हर गली और चौक चौराहे को आकर्षक तरीके से सजाया गया। पुरनी मंडप तालाब में व्रतियों के रुकने की भी व्यवस्था की गई थी। बिजुलिया तालाब में अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों के मनोरंजन के लिए कीर्तन का भी आयोजन किया गया।

सुरक्षा में लग रहे अधिकारी

छठ घाटों की सुरक्षा में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी लग रहे। दामोदर नदी के लगभग 5 किलोमीटर लंबे घाट का निरीक्षक अंचल अधिकारी रमेश रविदास, एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Most Popular

To Top