Haryana

अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में नहीं होगी बर्दाश्त : राव नरेंद्र

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र

– हरियाणा कांग्रेस में जल्द बनेगी अनुशासन समिति

चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए अनुशासन सर्वोपरि है। अनुशासन तोड़ने वालों पर सख्त एक्शन होगा, किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। अनुशासन समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इसके लिए पार्टी हाईकमान को प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है।

सोमवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विशेष बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वह किसी एक गुट के नहीं है, बल्कि सभी को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि न मैं किसी गुट में हूं, न मेरा कोई गुट है और न ही गुटबाजी में पड़ूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व बिहार चुनाव में व्यस्त होने की वजह से अनुशासन समिति के गठन में थोड़ी देरी हो रही है। लेकिन बिहार चुनावों के तुरंत बाद प्रदेश को अनुशासन समिति मिल जाएगी।

प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर उन्होंने कहा कि नामों पर मंथन शुरू हो गया है। प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव व कोषाध्यक्ष के अलावा अन्य पदों पर जल्द ही नियुक्तियां होंगी। जिलाध्यक्ष पहले ही बनाए जा चुके हैं। अब जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही, ब्लाक प्रधान और ब्लाक कार्यकारिणी भी बनेगी। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत किया जाएगा।

बीएलए-। की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। अब बीएलए-।। (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इसके लिए सभी वरिष्ठ नेताओं से बीएलए-।। के लिए नाम मांगे गए हैं। प्रदेश में 19 हजार 425 बूथ हैं और हर बूथ पर एजेंट की नियुक्ति पार्टी करेगी। बूथ स्तर पर एजेंट होने का फायदा यह होगा कि मतदाता सूचियों को अच्छे से जांचा जा सकेगा। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वोट चोरी पर नजर रखने के लिए बूथ एजेंट्स की अहम भूमिका है।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी नब्बे हलकों के लिए बीएलए-। बनाए जा चुके हैं। बीएलए-।। के लिए बीएलए-। की ही ड्यूटी लगाई है। बूथ लेवल एजेंट बनने के लिए संबंधित बूथ का वोटर होना अनिवार्य है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से बीएलए-। को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बूथ लेवल एजेंट्स उन्हें ही बनाया जाए, जो पार्टी के प्रति वफादार हों।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top