

धमतरी, 6 नवंबर (Udaipur Kiran) । वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कर्मचारी संघ व्दारा राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। इसके तहत आज गुरुवार काे जिला सहकारी बैंक केन्द्रीय बैंक कर्मचारी संघ व्दारा सामूहिक अवकाश लेकर राज्य सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार वेतन वृध्दि की मांग को लेकर जिले के धमतरी, नगरी, संबलपुर, कोर्रा, भखारा, कुरूद, नारी, बड़ी करेली, मगरलोड, मरौद, दरबा ब्रांच के अधिकारी कर्मचारी 6 नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त किया।
संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार उनकी जायज मांग पर विचार नहीं करती तो 12 नवंबर से सभी अधिकारी-कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल में चले जाएंगे। संघ के वरिष्ठ सदस्यों ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि शीघ्र मांग को माने जिससे 15 नवंबर से होने वाली धान खरीदी में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कंधे से कंधा मिलाकर राज्य सरकार के साथ कार्य कर सके। संघ ने कहा कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सरकार व किसानों के मध्य एक सेतु की तरह कार्य करता है। सरकार की जनोपयोगी सुविधाओं को किसानों तक मुहैय्या कराता है इसलिए सरकार मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें।
उल्लेखनीय है कि खरीफ वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान की खरीद 15 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इसके पहले ही सहकारी समिति के प्रबंधकों व आपरेटरों का अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रहा है। इसके साथ ही सहकारी बैंक के कर्मचारी भी अब हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। बैंक के कर्मचारी वेतनवृद्धि नहीं होने से नाराज हैं। कर्मचारियों ने चरणबद्ध आंदोलन करने की जानकारी पहले ही शासन को दे दी है। वेतन वृद्धि नहीं होने पर धान खरीदी के तीन दिन पहले ही 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। इनके आंदोलन में जाने के बाद किसानों का धान खरीद प्रभावित तो होगा। साथ ही किसानों को राशि का भुगतान भी नहीं हो पाएगा। बैंक कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान एटीएम सुविधा भी बंद रखने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने बताया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के सेवायुक्तों को वर्ष 2021 से देय वार्षिक वेतनवृद्धि की स्वीकृति के लिए कई बार आवेदन दिया गया। लेकिन इस पर आज तक कोई पहल नहीं की गई है। 2021 से लंबित लगातार पांच वार्षिक वेतनवृद्धि स्वीकृति की मांग की गई है। मांग पूरा नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के कर्मचारियों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू करते हुए 29 अक्टूबर से दो नवंबर तक काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद तीन से पांच नवंबर तक सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक कलम बंद कर नारेबाजी एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। छह नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर बैंक मुख्यालय एवं शाखा कार्यालय में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सात नवंबर को नोडल कार्यालय धमतरी व गरियाबंद में नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 10 को महासमुंद एवं 11 को बलौदाबाजार में विरोध के बाद 12 नवंबर से सभी काम बंद कर एटीएम मशीनों में तालाबंदी एवं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। जिले के समितियों में राशन वितरण, धान खरीदी, एग्रीस्टेक पंजीयन, धान खरीदी की तैयारी, माइक्रो एटीएम आदि काम बाधित हो रहा है। सभी सदस्यों ने धान खरीदी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर धमतरी जिले से बलरामपुरी गोस्वामी, किसनचंद यदु, राजकुमार गौर, अनीता ठाकुर, दिलीप साहू, सीताराम ध्रुव सहित अन्य शामिल रहे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा