HimachalPradesh

केलंग का माइनस में पारा, शिमला से ठंडे हुए ऊना और सोलन

शिमला में धूप

शिमला, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम में भी रात का पारा गिर रहा है। कई भागों में न्यूनतम पारा लुढ़कने से रातें ठंडी हो रही हैं। सोमवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ है और धूप खिल रही है। हालांकि मंडी और बिलासपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम रही। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह यानी दो नवम्बर तक मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया है।

जनजातीय जिला लाहौल स्पिति का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां आज न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। इसी जिला के कुकुमसेरी व ताबो में न्यूनतम तापमान क्रमशः 0.4 डिग्री व 1.4 डिग्री दर्ज किया गया।

उधर, हिल स्टेशन शिमला से ज्यादा ठंडी रातें मैदानी क्षेत्र ऊना व सुंदरनगर की दर्ज की जा रही हैं। शिमला में आज न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ऊना में न्यूनतम पारा 10.8 डिग्री सेल्सियस औऱ सुंदरनगर में 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। शिमला से सटे सोलन में भी रातें ठंडी बनी हुई हैं। सोलन में न्यूनतम पारा 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो भुंतर में 9 डिग्री, कल्पा में 3.4 डिग्री, धर्मशाला में 12 डिग्री, नाहन में 15.6 डिग्री, पालमपुर में 10 डिग्री, मनाली में 6.7 डिग्री, कांगड़ा में 12.3 डिग्री,मंडी में 13.3 डिग्री, बिलासपुर में 14.7 डिग्री, हमीरपुर में 12.7 डिग्री, कुफ़री में 9.5 डिग्री, नारकण्डा में 7.3 डिग्री औऱ सराहन में 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top