
लखनऊ, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व की प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई दी हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि पवित्रता, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में ऊर्जस्विता, समृद्धि और सद्भाव का प्रकाश फैलाए तथा समाज में आस्था, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के मूल्य और अधिक प्रबल हों।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व की प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्हाेंने कहा कि छठ महापर्व आस्था व परंपरा के साथ-साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम उत्सव है। छठ का व्रत रखने वाली माताओं-बहनों का तप, अनुशासन और अटूट निष्ठा प्रेरणादायक है। यह पूजा के साथ ही प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का उत्सव है। नदियों और जलाशयों की स्वच्छता से जुड़ा यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है। आइए, एक दिव्य, आनंदमयी, मंगलकारी अनुभव के लिए छठ पूजा में श्रद्धा और सेवा की भावना से सहभाग करें और आस्था एवं पर्यावरण दोनों के रक्षक बनें।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि यह आत्मानुशासन का पर्व है, जिसमें लोग शुद्ध अन्त:करण से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते है। छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतिबिम्ब है। छठ के अवसर पर घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है। यह दृश्य देश की सामाजिक एकता का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। उप मुख्यमंत्री ने भगवान भाष्कर से प्रदेश की प्रगति, सुख, समृद्धि शान्ति की प्रार्थना की है।
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
