
शिमला, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, पहली नवंबर तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान दिन में धूप खिलने से तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है, लेकिन रात का तापमान गिरता रहेगा और रातें ठंडी बनी रहेंगी।
रविवार को भी राज्य में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आई, जिससे रात को ठंड महसूस हुई। राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री और कुकुमसेरी में 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
राज्य के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा: शिमला में 11 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 6.1 डिग्री सेल्सियस, सुंदनगर में 10.7 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 9 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 3.5 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 11.9 डिग्री सेल्सियस, उना में 11 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 15.4 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 10 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 9.3 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 13.2 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 12.9 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 14 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 12.2 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हटटी में 13.2 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 10.3 डिग्री सेल्सियस, नारकंडा में 7.7 डिग्री सेल्सियस, भरमौर में 9.2 डिग्री सेल्सियस, रिकांगपिओ में 6.7 डिग्री सेल्सियस और सियोबाग में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और रातों में ठंडक बढ़ेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
