Haryana

रेवाड़ीः सरकार महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने को संकल्पितः लक्ष्मण सिंह यादव

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव

रेवाड़ी, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने को लेकर संकल्पित है। महिलाओं के उत्थान को लेकर सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू करते हुए उन्हें प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया है। रविवार को रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी। पात्र महिलाएं इस योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीकरण जरूर करवाएं।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र का बिना भेदभाव के समान रूप से विकास को लेकर संकल्पित है। सरकार विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं लागू की हुई हैं। इनमें से हाल ही में शुरू की गई ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के माध्यम से पात्र महिलाओं को नवंबर माह से प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

विधायक ने बताया कि प्रदेश में पांच लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वयं सहायता समूहों की दो लाख 77 हजार से अधिक महिलाओं की पहचान लखपति दीदी बनाने के लिए की जा चुकी है। महिला उद्यमिता और आर्थिक स्वतंत्रता के उद्देश्य से 18 दिसम्बर, 2024 को पानीपत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘बीमा सखी योजना’ की शुरूआत की है।

इस योजना के तहत चयनित महिला एजेंट को स्टाइफंड के तौर पारिश्रमिक दिया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसी तरह लाडो सखी योजना बेटी बचाओ बेटी बचाओ अभियान को गति देने के लिए शुरू की गई है। वहीं राज्य की सभी महिला सरपंचों को उनके गांव का ब्रांड एम्बेसडर बनाने का निर्णय भी लिया गया है। इनके अलावा भी सरकार ने अनेक योजनाएं लागू कर रखी हैं जो कि महिलाओं के उत्थान में काफी कारगर साबित हो रही हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Most Popular

To Top