Uttar Pradesh

सरदार पटेल जयंती : जिलास्तर पर “रन फॉर यूनिटी” व विधानसभा स्तर पर पद यात्रा निकालेगी भाजपा

भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते धर्मपाल सिंह

सरदार पटेल की जयंती पर विशेष अभियान चलायेगी भाजपा

लखनऊ,25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष अभियान चलायेगी। पार्टी द्वारा तय किये गये विभिन्न अभियानों व बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी की दृष्टि से भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी इन दिनों जिलों में प्रवास कर रहे हैं। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी प्रयागराज व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लखीमपुर खीरी में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत तीन प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर 1 से 25 नवम्बर तक पद यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित होंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं, किसान, व्यापारी और समाज के सभी वर्ग सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

इसी तरह प्रत्येक जिले से पांच प्रतिनिधि जिनमें दो युवा मोर्चा पदाधिकारी तीन यूथ आइकॉन सम्मिलित होंगे ,सरदार पटेल जी के जन्मस्थान करमसद से स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक 150 किलोमीटर की राष्ट्रीय एकता यात्रा में सम्मिलित होंगे। यह यात्रा सरदार पटेल की एकता, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का जीवंत प्रतीक होगी। इसके अलावा 31 अक्टूबर को “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम के तहत सरदार पटेल की जयंती पर सभी जिलों में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ जिले में स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमा से होगा।

अभियान के दौरान सभी बूथों पर सरदार पटेल के चित्र लगाकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएँ होंगी, ताकि नई पीढ़ी सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरणा ले सके।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top