
–संगठन सरकार का हिस्सा और प्रतिनिधि
प्रयागराज, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सर्किट हाउस में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित लोगों का समूह है। इसके मूल में राष्ट्रवाद है और हमारी विचारधारा को लेकर प्रदेश की जनता ने हम पर विश्वास जताया है और हमारी सरकार बनाया है।
उन्होंने कहा कि इसलिए हम सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि जनता की कसौटी पर हम खरा उतरें। उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रहे संगठन सरकार का हिस्सा और प्रतिनिधि है। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जनता और सरकार के बीच सेतु बनकर काम करें। उनकी समस्याओं को अपने विधायक, सांसद, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का काम करना है। जनता का भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के प्रति विश्वास है। इस विचारधारा को लेकर पार्टी के द्वारा संगठनात्मक कार्य लगातार किए जा रहे हैं। जिससे कि जनता के बीच में हमारा जुड़ाव बना रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन के द्वारा जो भी दायित्व सौंपे गए हैं उसकी भूमिका ईमानदारी के साथ निभाएं और संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि आपस में संगठनात्मक कार्यों को समन्वय बनाकर काम करें। जिससे कि कार्यक्रम को हम सफल बनाकर अपने उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचा सके।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष से कार्यकर्ताओं का परिचय करवाया। इस दौरान पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक सुरेंद्र चौधरी, भाजपा नेता अमरनाथ यादव, राजेंद्र मिश्रा, कुंज बिहारी मिश्रा, मीडिया प्रभारी महानगर राजेश केसरवानी, यमुनापार मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, गंगापार मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी आदि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र