
संभल में सरदार पटेल की जयंती पर बोले होमगार्ड मंत्री
संभल, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । संभल में भाजपा जिला कार्यालय पर शनिवार को सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ विषयक गोष्ठी में होमगार्ड राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति शामिल हुए। बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह, मंजू दिलेर, सौरभ गुप्ता मुखिया, मुकुल रस्तोगी और विपिन गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
अलीगढ़ में पांच मंदिरों पर लिखे गए ‘आई लव मोहम्मद’ विवादित स्लोगन के मामले पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म को मानने वाले को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन इस तरह के नारे के नाम पर प्रदेश में अराजकता फैलाना कतई ठीक नहीं है। अपने धर्म के अनुसार महापुरुषों का सम्मान करना सही है, लेकिन इसकी आड़ में अराजकता फैलाना अस्वीकार्य है। उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिरों पर इस तरह के नारे लिखना गलत नहीं है और क्या यह अराजकता फैलाने का विषय नहीं है। मंत्री ने चेताया कि कुछ ही समय में हजारों लोगों का बिना योजना या षड्यंत्र के इकट्ठा होना संभव नहीं, इसलिए ऐसे लोगों और उन्हें बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा घुसपैठियों को रोकने की योजना पर बोलते हुए धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि घुसपैठिए किसी भी प्रदेश में अराजकता का भाव लेकर आते हैं। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की तस्वीर के बिना तेजस्वी यादव के बैनरों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की कमजोर स्थिति की ओर संकेत किया।
सरदार पटेल द्वारा गांधीजी की हत्या के बाद आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि उस समय की स्थिति अलग थी। आज आरएसएस आदिवासी क्षेत्रों में कॉलेज चला रहा है, बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और भोजन प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के स्वयंसेवक समाज सेवा में सक्रिय हैं और किसी भी प्राकृतिक आपदा के समय सबसे पहले मदद के लिए पहुंचते हैं।
(Udaipur Kiran) / Nitin Sagar