लखनऊ, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाऊराव देवरस सेवा न्यास लखनऊ विगत 30 वर्षों से पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान से प्रत्येक वर्ष 6 साहित्यकारों को सम्मानित करता आया है। इसमें न्यास 40 वर्ष तक की आयु वाले छह युवा साहित्यकारों को उनकी मौलिक रचनाधर्मिता के लिए सम्मानित व पुरस्कृत करता है।
31वें पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान वर्ष 2025 के लिए साहित्यकारों के चयन हेतु भाऊराव देवरस सेवा न्यास कार्यालय लखनऊ में आहूत बैठक में निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से पुरस्कारों के लिए रचनाकारों का चयन किया है। इस वर्ष प्राप्त प्रविष्टियों में से काव्य विधा में राहुल शिवाय बेगूसराय बिहार, कथा साहित्य विधा में वंदना चौबे लखनऊ उत्तर प्रदेश, पत्रकारिता विधा में अंशुमान पटना, बिहार, बाल साहित्य विधा में शादाब आलम अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, संस्कृत भाषा साहित्य में डाॅ. दीपिका दीक्षित नई दिल्ली तथा भूटिया भाषा में जिग्मेड वांगचुक भूटिया सिक्किम आदि साहित्यकारों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है।
चयन समिति के संयोजक प्रो. विजय कुमार कर्ण ने बताया कि साहित्यकारों को पुरस्कार स्वरूप 25000 रुपये की धनराशि, अंग वस्त्र, सरस्वती प्रतिमा तथा पं. प्रताप नारायण मिश्र रचित साहित्य प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पं. प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान-2025 के समारोह के स्थान , दिनांक तथा अतिथियों की सूचना बाद में दी जाएगी।
उल्लेखणीय है कि इस पुरस्कार के लिए देशभर से विभिन्न विधाओं में बड़ी संख्या में साहित्यकार अपनी प्रविष्टियां प्रेषित करते हैं। लंबे समय से चल रहे इस पुरस्कार ने साहित्यिक क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान बनाया है । यही कारण है कि लगातार तीन दशकों से यह भव्य आयोजन होता आ रहा है।
(Udaipur Kiran) / शिव सिंह