Delhi

भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने तुगलकाबाद एवं कालकाजी विधानसभा के छठ घाटों का किया निरीक्षण

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी के साथ छाठ घाट का निरीक्षण करते हुए।

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दक्षिणी दिल्ली लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शनिवार को तुगलकाबाद और कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, स्वच्छता और समरसता का संदेश देने वाला पर्व है और हम सभी को इसे मिलकर सफल बनाना चाहिए।

निरीक्षण में तुगलकाबाद काया – माया छठ घाट, हरकेश नगर डीडीए पार्क छठ घाट, गोविंदपुरी छठ घाट, कालकाजी छठ घाट तथा श्रीनिवासपुरी छठ घाट शामिल है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सभी घाटों पर शानदार व्यवस्था की गई है। प्रकृति और समृद्धि के इस त्योहार में प्रशासन और आरडब्ल्यूए तथा सामाजिक संस्थानों के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी जुटे हुए हैं। छठ महापर्व आस्था, एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। महापर्व के सफल आयोजन के लिए भाजपा के सभी नेता एवं कार्यकर्ता पूर्ण उत्साह और निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में इस वर्ष छठ महापर्व के आयोजन के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो। दिल्ली के सभी छठ घाटों पर आयोजित यह भव्य पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को भी सशक्त बनाता है।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी तथा दिल्ली सरकार की उच्चस्तरीय छठ पूजा आयोजन समिति के सदस्य विधायक चंदन कुमार चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष माया बिष्ट, निगम पार्षद योगिता सिंह, राजपाल सिंह, चंद्रप्रकाश, रोहतास बिधूड़ी, पवन ममता, सचिन सुगंधा बिधूड़ी और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने छठ घाटों का निरीक्षण किया।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top