
शिमला, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में सर्दी का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति जिले में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल 31 अक्तूबर तक मौसम के साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 27 अक्तूबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आ सकता है।
शनिवार को लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जिला मुख्यालय केलंग में न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों स्थानों पर सुबह के समय बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठंड का अहसास कराया।
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री, सुंदरनगर में 11.6 डिग्री, भुंतर में 9.4 डिग्री, कल्पा में 3.6 डिग्री, धर्मशाला में 12 डिग्री, ऊना में 11.3 डिग्री, नाहन में 17.3 डिग्री, पालमपुर में 10.5 डिग्री, सोलन में 9.2 डिग्री, मनाली में 6.5 डिग्री, कांगड़ा में 13 डिग्री, मंडी में 12.9 डिग्री, बिलासपुर में 15 डिग्री, हमीरपुर में 12.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 13.4 डिग्री, कुफरी में 9.3 डिग्री, कुकुमसेरी में 1.2 डिग्री, नारकंडा में 7 डिग्री और सियोबाग में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को मौसम साफ और खुशनुमा बना रहा। शिमला में हल्के बादलों के बीच धूप खिली है, जिससे दिन के समय ठंड से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले में अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के उपाय करें, क्योंकि तापमान में गिरावट का क्रम आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा