
रांची, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । झारखंड की राजधानी रांची के सरसा लापुंग में शुक्रवार को कार्तिक सोहराई जतरा-2025 का उद्घाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे। इस मौके पर कृषि मंत्री ने जतरा में शामिल लोगों से शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति को अपनाने पर जोर दिया।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज ने अपनी एकजुटता से ऐतिहासिक परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखा है। इस तरह के आयोजन आपसी प्रेम और भाईचारगी को दर्शाता है। यह हमारे सुख-दुख को साझा करने के साथ-साथ घर आए मेहमानों के सत्कार का बड़ा माध्यम भी है। पुरखों के इस धरोहर को संरक्षित रखने में समाज का बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि पुरखों की इस विरासत को बचाने की जिम्मेवारी आज युवा पीढ़ी के कंधों पर है। बदलते हुए दौर में अगर लड़ाई को जीतना है, तो तीर-धनुष ही नहीं, बल्कि शिक्षा और ज्ञान भी बेहद जरूरी है। शिक्षा जैसे जेवर से युवाओं को खुद को सजाना होगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि आज राज्य के किसानों को बीज से लेकर ट्रैक्टर और सोलर पंप सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार की योजना का लाभ लेने के लिए गांव के लोगों को आगे आना होगा। साथ ही सरकार की योजना को अपनाना होगा।
जतरा में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झूमते गाते लोगों ने कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतोष तिर्की, नकुल सिंह, सत्येंद्र भगत, फुलमनी देवी, प्रकाश राम, बसंत मिंज, अरविंद तिवारी, सुमित उरांव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
————–
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
