HEADLINES

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर में होगा भव्य आयोजन

एनएमसी में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए  बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष का राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भव्य परेड और सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन शामिल है। समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्यों के पुलिस बल अपने कौशल, अनुशासन और वीरता का प्रदर्शन करेंगे। इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के साथ-साथ असम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, केरल, आंध्र प्रदेश और एनसीसी के दस्ते शामिल होंगे।

नेशनल मीडिया सेंटर में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि परेड में पहली बार घुड़सवार दस्ते और ऊंट सवार दस्ते, स्वदेशी नस्ल के श्वान दस्तों का प्रदर्शन और विभिन्न मार्शल आर्ट और शस्त्रविहीन युद्धाभ्यास शामिल होंगे।

परेड में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भागीदारी को भी रेखांकित किया जाएगा। प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व एक महिला अधिकारी करेंगी। इसके साथ सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की महिलाकर्मी मार्शल आर्ट और शस्त्रविहीन युद्धाभ्यास का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने बताया कि

इस वर्ष की परेड का प्रमुख आकर्षण एक मार्चिंग दस्ता होगा जिसमें बीएसएफ के विशेष रूप से भारतीय नस्ल के श्वान, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस का मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो और बीएसएफ का ऊंट दल और ऊंट सवार बैंड शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, देशी श्वान की नस्लें- रामपुर हाउंड्स और मुधोल हाउंड्स- अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। हाल ही में अखिल भारतीय पुलिस श्वान प्रतियोगिता में मुधोल हाउंड रिया ने पहला स्थान प्राप्त किया जो इस वर्ष की परेड में डॉग स्क्वाड का नेतृत्व करेगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में विविधता में एकता थीम को दर्शाने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा गारद, एनडीआऱएफ, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पुडुचेरी की 10 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ-साथ केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन करेंगे, जो हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की समृद्ध विविधता को रेखांकित करेगा। एक से 15 नवंबर तक एकता नगर में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक प्रदर्शन और एक खान-पान महोत्सव शामिल होगा। इस महोत्सव का समापन 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़े विशेष कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसमें हमारे जनजातीय समुदायों की गौरवशाली संस्कृति पर प्रकाश डाला जाएगा।

————–

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top