RAJASTHAN

जयपुर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का लक्ष्य अधूरा, दीपावली के बाद भी राहत नहीं

सड़क

जयपुर, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दीपावली से पूर्व जयपुर को गड्ढा मुक्त बनाने के अभियान में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) और नगर निगम (हेरिटेज व ग्रेटर) अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके। निर्धारित लक्ष्य का मात्र 80 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो पाया है, जिससे दीपावली के बाद भी शहरवासी क्षतिग्रस्त सड़कों पर सफर करने को मजबूर हैं। हालांकि संबंधित विभागों का दावा है कि नवंबर के मध्य तक शेष मरम्मत और पेचवर्क कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

बारिश के कारण शहर की सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई थी। ग्रेटर नगर निगम ने दीपावली से पूर्व सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया था। सर्वेक्षण में 86.47 किमी सड़कों को क्षतिग्रस्त पाया गया, परंतु निगम केवल 60 किमी सड़कों की मरम्मत ही कर सका। इस कार्य हेतु ₹6.30 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया था। ग्रेटर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि बारिश से प्रभावित सड़कों की मरम्मत के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। दीपावली से पूर्व लगभग 55 किमी सड़कों की मरम्मत पूर्ण की जा चुकी है।

जेडीए ने भी दीपावली से पहले शहर की सड़कों को सुधारने का लक्ष्य रखा था, जिसके तहत ₹22 करोड़ का व्यय प्रस्तावित किया गया। जयपुर में लगभग 8000 किमी लंबा सड़क नेटवर्क है। जेडीए के अनुसार, राजधानी में 229 मुख्य सड़कें और 1968 डीएलपी श्रेणी की सड़कें हैं। इनमें 1887 गड्ढे मुख्य सड़कों पर तथा 168 गड्ढे डीएलपी सड़कों पर चिन्हित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, कॉलोनियों और कच्ची बस्तियों की सड़कों की भी मरम्मत की जानी है। तीन विभागों द्वारा चल रहे विकास कार्यों के कारण लगभग 600 किमी सड़कों की खुदाई की गई है। विद्युत वितरण निगम, पीएचईडी और सीवर लाइन परियोजनाओं के तहत 782 किमी सड़क काटी जानी है, जिनमें से 500 किमी की खुदाई हो चुकी है। टोरंटो कंपनी द्वारा गैस लाइन बिछाने हेतु 278 किमी सड़क काटी जानी है, जिसमें से 136 किमी कार्य पूर्ण हो चुका है। सड़क की मरम्मत का कार्य कंपनी द्वारा ही किया जा रहा है।

हेरिटेज निगम के अधिकार क्षेत्र में बारिश से लगभग 18000 वर्ग मीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं। दीपावली से पूर्व निगम ने इनमें से लगभग 16000 वर्ग मीटर सड़कों की मरम्मत की है। निगम के अधिकारियों का दावा है कि आगामी 20 दिनों में शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। हेरिटेज निगम के अधीक्षण अभियंता श्रवण लाल वर्मा ने बताया कि मुख्य सड़कों की मरम्मत लगभग पूर्ण हो चुकी है और शेष सड़कों पर कार्य जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top