Bihar

मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं महागठबंधन के लोग: अश्विनी चौबे

अश्विनी चौबे

भागलपुर, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री घोषित किए जाने को लेकर शुक्रवार को कहा कि महागठबंधन के लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं।

चौबे ने कहा कि बिहार में कोई भी भ्रष्टाचारी, दुराचारी और अपराध से जुड़ा व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं बन सकता। हां, इतना जरूर कहा जा सकता है कि तेजस्वी यादव चुनाव के बाद काल कोठरी के मुख्य कैदी जरूर बनेंगे, क्योंकि उनका असली ठिकाना वहीं है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव पहले जनता को नौकरी के बदले जमीन लेने के मामले का जवाब दें और जिन गरीबों की जमीन ली गई, उसे वापस करें, उसके बाद ही राजनीति की बात करें। श्री चौबे ने आगे कहा कि बिहार की जनता 2005 में ही जाग चुकी है, अब वह दोबारा जंगलराज और डरावने खौफ के मंजर में लौटना नहीं चाहती।

पिछले 20 वर्षों से एनडीए की सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य विकास की राह पर अग्रसर है। 2025 के चुनाव में भी एनडीए के जीतने के बाद एनडीए के मुखिया नीतीश कुमार ही होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार और देश में नरेंद्र मोदी जी की जोड़ी विकास की गंगा बहा रही है। दोनों के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top