कोलकाता, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में कोलकाता पुलिस ने 132 लोगों को विभिन्न अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया है।
कोलकाता पुलिस मुख्यालय लाल बाजार की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में बताया गया कि गिरफ्तार व्यक्तियों में अधिकतर को हुड़दंग मचाने और अवैध रूप से विस्फोटकों के इस्तेमाल के मामलों में पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि 122 लोगों को हंगामा करने के लिए और 10 लोगों को प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने के आरोप में गुरुवार को हिरासत में लिया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 3.7 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे और 4.2 लीटर अवैध शराब भी जब्त की। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने तथा अवैध पदार्थों की आवाजाही रोकने के उद्देश्य से की गई।
इसी क्रम में यातायात विभाग ने अलग से चलाए गए अभियान में 365 लोगों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज किए। इनमें 75 बाइक सवार और 44 पिछली सीट पर बैठे यात्री बिना हेलमेट पाए गए। इसके अलावा 71 मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने, 65 मामलों में नशे में ड्राइविंग और 110 अन्य मामलों में अलग-अलग यातायात उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि नागरिक सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।————————-
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर