West Bengal

भाईफोटा पर बारिश का नहीं रहेगा असर, दक्षिण बंगाल में सप्ताहांत से मौसम बदलेगा

कोलकाता, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल से मानसून की विदाई के बाद मौसम सामान्य बना रहने वाला है। गुरुवार को पूरे बंगाल में मौसम सामान्य रहेगा और आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कुछ जिलों में हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी का हल्का अहसास होगा। शाम होते-होते मौसम सुहावना रहेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है और यह तमिलनाडु के तट से पुडुचेरी की ओर जा रहा है। इससे पश्चिम बंगाल पर किसी प्रकार का असर पड़ने की संभावना नहीं है। गुरुवार को दक्षिण बंगाल के किसी भी जिले में बारिश का अनुमान नहीं है। लगभग सभी जिलों में शुष्क मौसम रहेगा।

हालांकि, शुक्रवार से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। दक्षिण 24 परगना में शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व मेदिनीपुर जिलों में वर्षा की संभावना है। रविवार और सोमवार को झाड़ग्राम सहित इन जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

उत्तर बंगाल में गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सप्ताहांत तक बारिश की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश शुरू हो सकती है। शनिवार, रविवार और सोमवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है।

कोलकाता में गुरुवार को शुष्क मौसम रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top