
झज्जर, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । देश की सबसे प्रतिष्ठित पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता हिंद केसरी 2024-25 और 52वीं वरिष्ठ राष्ट्रीय भारतीय शैली कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक महाराष्ट्र के सातारा में किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय शैली कुश्ती महासंघ की ओर से महाराष्ट्र राज्य भारतीय शैली कुश्ती संघ के सहयोग से किया जा रहा है।
यह जानकारी बुधवार को यहां हुई महासंघ की बैठक के बाद अध्यक्ष जितेंद्र राठी ने दी। भारतीय शैली कुश्ती महासंघ की बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जितेन्द्र नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय महासचिव गौरव रोशन लाल और हरियाणा प्रदेश महासचिव लीलू पहलवान लाडपुर अखाड़ा भी शामिल रहे। जितेंद्र राठी ने बताया कि चयन प्रतियोगिता के माध्यम से चुने गए खिलाड़ी ही हरियाणा प्रदेश की तरफ से सातारा में होने वाली इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने सभी पहलवानों, अखाड़ा संचालकों और खलीफाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
राठी ने कहा कि हिंद केसरी 2024-25 प्रतियोगिता क्रीड़ा सम्राट श्री साहेबराव पवार भाऊ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राजेश्वर प्रतिष्ठान, सातारा के सौजन्य से आयोजित की जा रही है। यह आयोजन पारंपरिक भारतीय कुश्ती को नई ऊँचाइयों तक ले जाने और युवा पहलवानों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। भारतीय कुश्ती के इतिहास में पहली बार इतने भव्य पुरस्कार रखे गए हैं। विजेताओं को थार गाड़ी, ट्रैक्टर, कार, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटर, चाँदी का गुर्ज और लाखों रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।
पुरुष वर्ग में हिंद केसरी 85 से 140 किलोग्राम को प्रथम पुरस्कार थार गाड़ी व चाँदी का गुर्ज, द्वितीय ट्रैक्टर, तृतीय पुरस्कार बुलेट मोटर साइकिल, चतुर्थ पुरस्कार हीरो मोटर साइकिल होगी। राष्ट्रीय स्पर्धा 55 से 85 किलोग्राम में प्रथम ईनाम हीरो मोटर साइकिल, द्वितीय ईनाम 50,000 रुपये, तृतीय ईनाम 20,000 रुपये (दो पुरस्कार) रखे गए हैं।
इसी प्रकार महिला वर्ग में हिंद केसरी 65 से 90 किलोग्राम में प्रथम पुरस्कार आल्टो कार व चाँदी का गुर्ज, द्वितीय एक्टिवा स्कूटर, तृतीय 50,000 रुपये, चतुर्थ 25,000 रुपये रखा गया है। जबकि राष्ट्रीय महिला स्पर्धा 48, 52, 56, 62 किलोग्राम में प्रथम ईनाम एक्टिवा स्कूटर, द्वितीय ईनाम 50,000 रुपये, तृतीय ईनाम 20,000 रुपये (दो पुरस्कार) होगा। इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथियों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेता शरद पंवार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित व एकनाथ शिंदे शामिल रहेंगे।
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ की पारंपरिक शैली समिति की अध्यक्ष रोडिका मारिया याक्सी सहित कई अंतरराष्ट्रीय अधिकारी भी इस आयोजन में उपस्थित रहेंगे। जितेंद्र नफे सिंह राठी, गौरव रोशन लाल और लीलू पहलवान ने कहा कि भारतीय शैली कुश्ती के पुरोधा स्वर्गीय गुरु रोशन लाल और महासंघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक स्व. नफे सिंह राठी का कुश्ती के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय है। दोनों महान विभूतियों ने अपना पूरा जीवन कुश्ती को समर्पित किया और उनकी परंपरा आज भी नई पीढ़ी के पहलवानों को प्रेरणा देती है। बुधवार को हुई महासंघ की बैठक में सन्नी छिकारा, जोगेंद्रपाल, दीपक, मोहित नंबरदार, नवनीत गुलिया, अशीष दहिया, रवि ओहल्याण, अजय कोच व सोल्हा पहलवान भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
