RAJASTHAN

बीकानेर स्टेशन पर दीपावली पर डेढ़ लाख यात्रियों ने की यात्रा, डीआरएम ने लिया क्राउड मैनेजमेंट का जायजा

बीकानेर स्टेशन पर दीपावली माैके डेढ़ लाख यात्रियों ने की यात्रा, डीआरएम ने लिया क्राउड मैनेजमेंट का जायजा

बीकानेर, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बीकानेर रेल मंडल पर त्योहारी सीजन पर यात्रियों की सुखद यात्रा के लिए बीकानेर मंडल द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत मंडल पर यात्री सुविधाओं के लिए 11 जोड़ी अर्थात 22 स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन किया गया है। इसके साथ ही बीकानेर- दिल्ली सराय रोहिल्ला बीकानेर- मिरज, बीकानेर -अमृतसर, में सात अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।

रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक गाैरव गाेविल ने बीकानेर स्टेशन पर स्थित रेलवे सुरक्षा बल के कंट्रोल रूम से यात्री सुरक्षा की मॉनीटरिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।

उन्हाेंने क्राउड मैनेजमेंट का जायजा लिया एवं रेलवे की आधुनिक तकनीकियों से अवगत करवाया। साथ ही वार रूम के माध्यम से यात्री सुविधाओं को श्रेष्ठ बनाने की दिशा में हो रहे कार्य से अवगत करवाया।

उन्हाेंने बताया कि मंडल पर त्योहारों के समय स्टेशनों पर यात्री भार को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है। प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ नहीं हो इसके लिए प्लेटफार्म टिकट को प्रतिबंधित किया गया है। स्टेशन परिसर में यात्रियों को रोकने के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए है। स्टेशन पर प्रवेश के लिए अनारक्षित और आरक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की जा रही है। साधारण श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए साधारण श्रेणी कोच के पास बैरिकेट्स लगाकर लाइन के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही मंडल के बीकानेर हिसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जंक्शन ,भिवानी जंक्शन, चूरू व सूरतगढ़ स्टेशनों पर फैसिलिटी मैनेजर की तैनाती की गई है। ताकि यात्रियों को श्रेष्ठ सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम की आधुनिक प्रणाली से यात्रियों को लगातार गाड़ियों के बारे में सूचनाएँ दी जा रही हैं।

उन्हाेंने बताया कि बीकानेर मंडल स्तर पर वार रूम की स्थापना की गई है जो कि 24×7 यात्रियों के के लिए काम कर रहे हैं। बीकानेर स्टेशन पर 80 कैमरों की सहायता से सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबन्द किया गया है। इसके लिए स्क्वायड डॉग, स्कैनर मशीनों का उपयोग, मेटल डिक्टेटर आदि आधुनिक मशीनों की सहायता ली जा रही है। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान ट्रेनों में, प्लेटफार्म, स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया आदि में लगातार चौकस निगाहें बनाए हुए हैं।

स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं जैसे वाटर कूलर, पंखे, एसी, लिफ्ट, एस्केलेटर आदि का सुचारू रूप से कार्यरत होना सुनिश्चित किया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top