Gujarat

मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियाें और दुनिया भर के गुजराती परिवारों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

सोशियल मिडिया : एक्स पर मुख्यमंत्री की पोस्ट

गांधीनगर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सभी भाई-बहनों और दुनिया भर में फैले गुजराती परिवारों को दिवाली और विक्रम संवत 2082 के नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत के इस नव वर्ष में सभी लोग नए उत्साह और आनंद के साथ समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर हों।

राज्य सूचना विभाग ने अपने बयान में बताया कि मुख्यमंत्री पटेल ने दिवाली और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “दीपावली की दीपमाला अंधकार से उजाले की ओर जाने की प्रेरणा देती है। इस प्रेरणा के साथ गुजरात ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सकारात्मक दृष्टिकोण से विकास की ओर ऊर्ध्व गति कर रहा है।”

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि इन त्योहारों में सभी नागरिक स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्योगकारों से खरीदारी करने के लिए संकल्पबद्ध हों तथा ‘हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिवाली के पर्व पर ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म्स’ के माध्यम से लोगों को खुशियों का डबल बोनस दिया है, इसके फलस्वरूप व्यवसाय करना और भी आसान हो गया है, विकास तेज गति से आगे बढ़ रहा है और गुजरात समृद्धि के नए शिखरों को छू रहा है। उन्हाेंने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्ष्य के अनुरूप ‘विकसित गुजरात@2047’ के विजन को साकार करने के लिए हमने ‘एजेंडा फॉर 2035’ के माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य निर्धारित किए हैं।”

मुख्यमंत्री ने यह अपेक्षा भी व्यक्त की है कि विक्रम संवत के इस नूतन वर्ष में प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को विकसित गुजरात के जरिए साकार करने के लिए सभी गुजराती संकल्पबद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात ने भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन अहमदाबाद में होने जा रहा है, जो एक और गौरवशाली क्षण है। उन्होंने प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर यह मंगलकामनाएं व्यक्त की कि राज्य की संस्कृति और विकास पूरे देश के लिए और अधिक प्रेरणादायी बने।

मुख्यमंत्री ने अपने इस दीपावली संदेश में यह हार्दिक शुभकामनाएं भी व्यक्त की हैं कि राज्य की अविरत विकास यात्रा को तेज गति से आगे बढ़ाने के दृढ़ संकल्प के साथ सभी लोग विक्रम संवत के नववर्ष में विकास के मार्ग पर और अधिक गतिमय हों।

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Most Popular

To Top