नैनीताल, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नगर के सेंट जेवियर स्कूल के कर्मचारियों के लिए दीपावली से पूर्व खुशखबरी आई है। विद्यालय प्रबंधन ने आंदोलन के बाद अपने समस्त कर्मचारियों को चार माह में से तीन माह का अवशेष वेतन अदा कर दिया है। यह सफलता भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले विद्यालय कर्मचारी संघ नैनीताल की सक्रिय पहल का परिणाम बतायी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि संघ ने उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं से अवगत कराया था। उपजिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंधन से वार्ता की और दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन दिलवाने का आश्वासन दिया था। प्रशासन की तत्परता से यह समस्या सुलझ गई और सभी कर्मचारियों को तीन माह का वेतन प्राप्त हो गया है। इस हेतु भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र खंकरियाल ने इसे विद्यालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों और सेंट जेवियर शाखा के कार्यकर्ताओं की सामूहिक जीत बताया है।
उन्होंने उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कर्मचारियों के घरों में दीपावली की खुशियां लौट आई हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अन्य लंबित मांगों को लेकर दो सप्ताह बाद विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध आन्दोलन चलाया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
