नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में हुए हंगामा मामले में पुलिस ने छह छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दक्षिण पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने रविवार को बताया कि वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले में जिन छह छात्रों को पकड़ा है, उनकी पहचान जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष नितेश कुमार (26), उपाध्यक्ष मनीषा (28), महासचिव मुंतहा फातिमा (28), मणिकांत पटेल (27), प्रीति कर (27 ) और ईस्ट मुंबई निवासी शौर्य मजूमदार (28) के रूप में हुई है। हिरासत में लिए गए शेष छात्रों को उनके प्रोफेसरों को सौंपा जा रहा है। घटना के कारण परिसर में फैले तनाव को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में शनिवार शाम चुनाव प्रक्रिया के दौरान छात्रों ने वसंत कुंज नॉर्थ थाने के घेराव का आह्वान किया था। पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद छात्रों ने बैरिकेड तोड़ कर नेल्सन मंडेला मार्ग पर यातायात बाधित कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान छात्रों को नियंत्रित करने के दौरान छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जेएनयूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महासचिव समेत कुल 28 छात्र-छात्राओं को हिरासत में ले लिया था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार पूरे दिन छात्रों के संपर्क में रहे और उन्हें कानूनी कार्रवाई का भरोसा देते रहे लेकिन छात्र नेता अपने घेराव के आह्वान को वापस लेने को तैयार नहीं हुए। शाम करीब छह बजे छात्र-छात्राओं समेत करीब 70 से 80 लोग जेएनयू के पश्चिमी गेट पर जुट गए। पुलिस ने उनके मार्च को रोकने के लिए नेल्सन मंडेला मार्ग की ओर बैरिकेड लगाए। लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद छात्रों ने बलपूर्वक बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया और सड़क पर आकर कुछ देर के लिए यातायात को बाधित किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत 28 छात्रों को हिरासत में ले लिया। इनमें जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष नितेश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा और महासचिव मुंतिया फातिमा समेत कुल 19 छात्र व 9 छात्राएं शामिल थे।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
