Jharkhand

अंतर्मन के तमस को दूर करने का संदेश देती है दीपावली : प्रेमलता

फाइल फोटो

रांची, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को ‘दीपोत्सव -2025 ‘ का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल की छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुति से आगंतुकों का मन मोह लिया।

दीपोत्सव के दौरान स्कूल की प्राचार्या प्रेमलता कुमारी ने कहा कि दीपावली मात्र बाह्य अंधकार को दूर करने का पर्व नहीं,बल्कि अंतर्मन में व्याप्त अंधतमस को दूर करने का भी संदेश देती है। दीपमालिकाएं साहस, अनुशासन और विषम परिस्थितियों में भी जूझने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बच्चों से सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी दीपावली मनाने का आह्वान किया।

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। ‘सजा दो चौखट कि मेरे राम आए हैं’ शीर्षक गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने समा बांध दिया। भगवान राम के वनगमन की कहानी ‘ मेरे राम आए हैं’ शीर्षक नृत्य नाटिका ने दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। काली पूजा पर केंद्रित कार्यक्रम देवी दर्शन शक्तिधन में छात्रा शैलजा शहदेव ने मां काली की रूप सज्जा का प्रदर्शन किया।

मौके पर इंटर हाउस रंगोली प्रतियोगिता और क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। पिछले दिनों एनसीसी कैंप से लौटे छात्र-छात्राओं को प्राचार्या ने मेडल देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन कुमारी मीनाक्षी, सानवी आर्या और आयुष वर्मा ने किया। मौके पर काफी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद थे।

——-

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top