HEADLINES

हिंसाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार और मिथ्याचार सबसे बड़ी समस्या: भैय्याजी जोशी

कार्यक्रम में सम्मिलित जन समुदाय
रुड़की में भैया जी जोशी

आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आईआईटी रुड़की में हुई प्रमुख जन गोष्ठी

हरिद्वार, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी ने कहा कि विश्व ने भारत को जिम्मेदारी दी है कि वह विश्व का शुद्धिकरण करे। भारत का सदा से विश्व को श्रेष्ठ देने का मन रहा है और इसेे भारत सदैव देता रहेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसी विचार को लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार और मिथ्याचार को सबसे बड़ी समस्या है।

अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जोशी भैय्याजी गुरुवार को यहां आईआईटी रुड़की में प्रमुख जन गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। यह गोष्ठी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आयोजित की गई थी। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में भैय्या जोशी ने कहा कि 100 साल की सामाजिक यात्रा में संघ ने विश्व को भारत के उस रूप का बोध कराया है, जिसका जिक्र स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंदो ने किया था। हजारों साल की जीवन यात्रा से भारत के जीवन मूल्य तय हुए जो सामान्य लोगों के जीवन से आए। जोशी ने हिंसाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार और मिथ्याचार को सबसे बड़ी समस्या बताया। युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि भारत को जानो, भारत को मानो और भारत को बनाओ मंत्र का अनुसरण करें। भारत को बनाने में सभी ने भूमिका निभाई। मुगलों के साथ युद्ध में महाराणा प्रताप को भील समाज ने समर्थन दिया।

भैय्या जोशी ने कहा कि शौर्य का मतलब दुर्लभ की रक्षा करना है, यही भारत की दृष्टि है। हमें नई पीढ़ी को तर्क के आधार पर अपनी चिंतन और संस्कृति की विशेषताएं बतानी है। केवल राजा के आधार पर समाज नहीं चलता है। समाज संचालन के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण है, जो मनुष्य को मानव बनाये मशीन नहीं। देश का औद्योगिकरण हो, कलाकारों के द्वारा सकारात्मक संदेश समाज में दिए जाएं, धार्मिकता से भी सकारात्मक का ज्ञान समाज को दिया जाए और देश शौर्यशाली बने। अर्थात दूसरों की रक्षा करने वाला बने और राजनीति भी राष्ट्र के आधार पर होनी चाहिए। जोशी ने कहा कि 100 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के सहयोग से आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी समाज का सहयोग संघ को मिलता रहेगा।

गोष्ठी का संचालन डॉ. प्रवीण एरन ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक प्रमुख जगदीश, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, राकेश, अनुज, ललित शंकर, मनोज, प्रवीण, जल सिंह, त्रिभुवन, जितेंद्र, रमेश, सतीश, विवेक, बंशीधर, राहुल और नवीन आदि उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top