मुंबई, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल करने का जोरदार विरोध कांग्रेस पार्टी ने किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने गुरुवार को बताया कि राज ठाकरे को गठबंधन में शामिल करने का कोई प्रस्ताव अब तक नहीं आया है और इस विषय पर चर्चा नहीं हुई है। राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते कांग्रेस देश की सभी भाषाओं और लोगों का सम्मान करती है। हमारी नीतियों में किसी के साथ कोई भेदभाव करना शामिल नहीं है। इसलिए, राज ठाकरे को साथ लेने का सवाल ही नहीं उठता। अतुल लोंढे ने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मनसे के संबंध में इसी तरह का फिलहाल निर्णय लिया है और प्रदेश कांग्रेस सपकाल के साथ खड़ी है।
महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव से पहले शिवसेना (यूबीटी) राज ठाकरे की पार्टी मनसे को शामिल करने की दिशा में काम कर रही है। पिछले करीब डेढ़ दशक से दूर शिवसेना यूबीटी और मनसे के बीच गठबंधन की बात चल रही है और दोनों दलों के नेता उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे कई कार्यक्रमों में साथ मिल चुके हैं। इसी वजह शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने दो दिन पहले कहा था कि राज ठाकरे भी महाविकास आघाड़ी में शामिल होने का मन बना रहे हैं।
इसके बाद राज ठाकरे ने कहा था कि उनकी पार्टी का नीतिगत फैसला वे खुद मीडिया को बताएंगे, लेकिन महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इसका विरोध किया था। इसके बाद संजय राऊत ने सपकाल की शिकायत करते हुए कांग्रेस हाईकमान को पत्र लिखा है और मनसे को महाविकास आघाड़ी में शामिल करने की वकालत की है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अपने अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के फैसले के साथ है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
