
शिमला, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश में गुरूवार को भी मौसम साफ बना हुआ है। हिल स्टेशनों शिमला, मनाली व डल्हौजी में सैलानी गुनगुनी धूप का लुत्फ उठा रहे हैं। उना, हमीरपुर व बिलासपुर जैसे मैदानी इलाकों में धूप खिलने से हल्की उमस महसूस की जा रही है। मंडी जिला के सुंदरनगर में सुबह के समय घनी धुंध छाई रही। इससे दृश्यता 100 मीटर रही। शुष्क मौसम के बावजूद राज्य में सुबह-शाम ठंड बढ़ रही है।
मौसम विभाग ने एक हफ्ते तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में फिलहाल कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होगा और मौसम खुशगवार बना रहेगा। खास बात यह है कि दीपों के पर्व दिवाली के अवसर पर भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। दिवाली का पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस बीच लगातार साफ मौसम से राज्य के अधिकतम व न्यनूतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
हिल स्टेशन शिमला से ज्यादा ठंडक धर्मशाला व पालमपुर में महसूस की गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरूवार को जहां शिमला में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं धर्मशाला व पालमपुर में क्रमशः 12 डिग्री व 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग व कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडे स्थल रहे। इन दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में 3.9 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो विख्यात हिल स्टेशन मनाली में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, नारकंडा में 9.7 डिग्री, कुफरी में 11.3 डिग्री, सुंदरनगर, में 15 डिग्री, भुंतर में 12 डिग्री, उना में 13.5 डिग्री, नाहन में 16.5 डिग्री, सोलन में 14.5 डिग्री, कांगड़ा में 14.5 डिग्री, मंडी में 17.2 डिग्री, बिलासपुर में 18 डिग्री, हमीरपुर में 15.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.8 डिग्री, बरठीं में 16.8 डिग्री, सराहन में 11.3 डिग्री, बजुआरा में 11.7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 17 डिग्री व नेरी में 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरूवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
