
जयपुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ग्रेटर निगम दीपावली पर्व पर शहर को सुन्दर, स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ग्रेटर निगम पिछले 14 दिन से प्रतिदिन 1750 टन कचरा उठा रहा है। सितंबर में लगभग 1200-1300 टन कचरा प्रतिदिन उठाया जा रहा था। गत 14 दिन से यह बढ़कर औसतन 1700 टन प्रतिदिन कचरे का निस्तारण किया जा रहा है जो कि पिछले महीने की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत अधिक है।
वर्तमान में 725 हूपर्स द्वारा 2000 ट्रिप के जरिए घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है नगर निगम ग्रेटर की टीम द्वारा रेन्डमली हूपर्स की लोकेशन चैक की जाती है साथ ही आमजन से भी फीडबैक लिया जा रहा है। गैराज शाखा की 35 यूनिट को दो पारियों में संचालित किया जा रहा है (एक यूनिट में एक जेसीबी, लोडर, 2 डम्पर, ट्रैक्टर, ट्रोली होते है यानि 3 मशीनों के सैट को यूनिट कहा जाता है।) ग्रेटर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि दीपोत्सव के अवसर पर कचरा डिपो भी हटाए जा रहे है। अब तक 97 कचरा डिपो का चयन कर उनका सौन्दर्यकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही इन स्थलों पर दुबारा कचरा एकत्र ना हो इसके लिए कैमरे स्थापित कर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है साथ ही कचरा डालते पाये जाने पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। गत दो माह में शहर को गंदा करने वालों से लगभग 25 लाख रुपए से अधिक राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई है। मुख्य मार्गो पर पेड़ों की कटाई छटाई भी की जा रही है। आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर्व पर शहर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने में शहरवासी भी अपना योगदान दे। कचरा सड़कों पर ना डालकर हूपर्स में ही डाले। जोन स्तर पर सात मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन के माध्यम से सफाई की जा रही है। जिसमें हर मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीन पर 10 कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। मैकेनाइज्ड मशीनों द्वारा प्रतिदिन 420 से 430 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
