
मंडी, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी पर्यटन के लिए तो शिमला हैं, लेकिन यई कांग्रेस के नेता हिमाचल प्रदेश में आपदा के समय एक भी जगह घटनास्थल पर नहीं गए, इन्होंने जनता का दुख नहीं बांटा।
अजय ठाकुर ने आगे कहा कि यह अत्यंत शर्मनाक है कि महिलाओं को 1500 रूपए वित्तीय सहायता देने का वादा करने वाली कांग्रेस, हिमाचल में सरकार बनने के बाद महिलाओं, बागवानों तथा आम जनमानस के साथ किए गए वादे पूरी तरह भूल गई है। हिमाचल प्रदेश के जनता के साथ कांग्रेस सौतेला व्यवहार कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी जनता का दुख बांटने नहीं आए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को केवल अपने परिवार की उन्नति की पड़ी रहती है, आम जनमानस के सुख-दुख से उनका कुछ लेना-देना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में लाखों युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन कांग्रेस की राज्य में सरकार द्वारा इसके लिए कोई प्रयास नहीं दिखता है। हिमाचल सरकार लगातार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर रही है। बड़ी संख्या में स्कूल बंद हो रहे हैं तथा प्रदेश के नौनिहालों का भविष्य पर संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था यदि इसी गति से हिमाचल में चरमराई तो प्रदेश की स्थिति तथा भविष्य दोनों बिगड़ जाएगा।
अजय ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ा है। कांगड़ा कोपरेटिव से लेकर ऐसे अनेक उदाहरण हैं जहां भ्रष्टाचार सामने आया है। आपदा के बाद स्थिति सामान्य करने के लिए उतने प्रयास कांग्रेस सरकार की तरफ से नहीं दिखाई पड़ते हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
