Maharashtra

सीएम फडणवीस का बच्चू कडू को झटका

मुंबई, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व राज्य मंत्री व प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष बच्चू कडू को करार झटका दिया है। मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित योगक्षम के सामने उन्हें दी गई कार्यालय की जमीन वापस ले ली गई है। उस जमीन को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को वापस देने का फैसला किया गया है।

राज्य सरकार ने मंत्रालय के पास योगक्षेम के सामने जनता दल सेक्युलर पार्टी के लिए 900 वर्ग फुट ज़मीन उपलब्ध कराई है। इसमें से 200 वर्ग फुट ज़मीन जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के लिए आरक्षित थी और बाकी 700 वर्ग फुट जमीन तत्कालीन एकनाथ शिंदे सरकार ने प्रहार जनशक्ति पार्टी के कार्यालय के लिए दी थी। अब राज्य सरकार ने इस फ़ैसले को बदलकर जमीन जेडीयू को वापस करने का फ़ैसला किया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसके पीछे बिहार विधानसभा चुनावी समीकरण है। कार्यालय वापस लिए जाने के फैसले पर बच्चू कडू ने महायुति सरकार की कड़ी आलोचना की है।

साल 2019 के विधानसभा चुनाव में प्रहार के दो विधायक चुने गए थे। बच्चू कडू उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार में राज्य मंत्री थे। शिवसेना में विभाजन होने के बाद उन्होंने एकनाथ शिंदे का समर्थन किया। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिंदे ने यह जमीन कडू की पार्टी को देने की पेशकश की थी। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद बच्चू कडू ने अपना राजनीतिक रुख़ बदल लिया। उन्होंने स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी के साथ मिलकर तीसरा मोर्चा बना लिया। चुनाव में उन्होंने महायुति को सीधी चुनौती दी थी। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। किसानों और दिव्यांगों के मुद्दों को लेकर कडू राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाते रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top