Bihar

विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का कटा टिकट, कई मंत्रियों पर फिर से जताया विश्वास

पटना, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 71 प्रत्याशियों की सूची को जारी किया है। इस सूची में बिहार विधानसभा के मौजूदा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का नाम शामिल नहीं है। पार्टी ने उन्हें पटना साहिब से टिकट नहीं दिया है, उनकी जगह पर रत्नेश कुशवाहा को पार्टी ने पटना साहिब से प्रत्याशी बनाया है।

इसके साथ ही कुम्हरार सीट पर भी पार्टी ने संजय गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। यहां लंबे समय से अरुण कुमार सिन्हा चुनाव लड़ते आ रहे थे। भाजपा ने बेतिया सीट से पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी को टिकट दिया है। वहीं पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा को झंझारपुर से, पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू को छातापुर से, जदयू से भाजपा में लौटे सुनील कुमार पिंटू को सीतामढ़ी से प्रत्याशी बनाया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद को कटिहार से पार्टी ने टिकट दिया है। पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा को सहरसा से, संजय सरावगी को दरभंगा से, जीवेश मिश्रा को जाले और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय को सिवान से प्रत्याशी बनाया है।

इसके साथ ही नीतीश सरकार में मंत्री रहे कृष्ण कुमार मंटू को अमनौर से, सुरेंद्र मेहता को बछवारा से, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से, विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय से, नितिन नवीन को बांकीपुर से, राघवेंद्र प्रताप सिंह को बरहरा से, संजय सिंह टाइगर को आरा से प्रत्याशी बनाया है। वहीं प्रेम कुमार को गया से और श्रेयसी सिंह को जमुई से प्रत्याशी बनाया गया है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सीट बंटवारे के अनुसार भाजपा 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिनमें से प्रथम सूची में 71 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। कई सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा का अभी इंतजार है।

पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। प्रथम चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 17 अक्टूबर को समाप्त होगी। मतदान 6 नवंबर को होना है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त

Most Popular

To Top