
-50 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
रायपुर, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया के खिलाफ छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रायपुर में विशेष अदालत में लगभग 8 हजार पन्नों का चालान पेश किया है। सौम्या पर 50 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप लगाया गया है। ईओडब्ल्यू ने इसे इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आय से अधिक संपत्ति का मामला बताया है।
ईओडब्ल्यू द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार चालान में सौम्या चौरसिया पर 45 बेनामी संपत्तियों में निवेश का खुलासा किया गया है। जांच में पाया गया है कि सौम्या चौरसिया और उनके परिवार की 17 साल के कार्यकाल में वास्तविक आय 2 करोड़ 51 लाख 89 हजार 175 रुपये पाई गई और अवैध कमाई करीब 50 करोड़ बताया गया है। जो उनकी आय की तुलना में 1872 प्रतिशत अधिक है। चालान में यह भी बताया गया है कि 2019 से 2022 के बीच सबसे ज्यादा अवैध निवेश किया गया है।
बता दें कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया को 450 करोड़ के कोल लेवी मनी लांड्रिंग मामले में पहले ईडी और फिर ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार किया था। करीब दो साल तक जेल में रहने के बाद सौम्या चौरसिया तीन माह पहले ही जमानत पर रिहा हुईं। उच्चतम
न्यायालय के निर्देश पर सौम्या चौरसिया फिलहाल छत्तीसगढ़ से बाहर बेंगलुरु में रह रही हैं।
______________
(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा
