Uttrakhand

गगवाड़स्यूं घाटी में 1 नवम्बर से पांच दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेला, तैयारियां शुरू

पौड़ी गढ़वाल, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । विकास खंड पौड़ी के गगवाड़स्यूं घाटी में पांच दिनों तक बैकुंठ चतुर्दशी मेले की धूम रहेगी। सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर समिति बलोड़ी ने मेला कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस दौरान मेले में जहां शिव ध्वजा की यात्रा व आरोहण, चक्रव्यूह का मंचन, लोक गायिका संगीता ढौंडियाल, लोक गायक साहब सिंह रमोला की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हास्क कलाकार संदीप छिलबट दर्शकों को गुदगुदाएंगे। लोक गायक मुकेश कठैत रात्रि जागरण में माहौल काे भक्ति रस में डुबोएं रखेंगे। सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर समिति बलोड़ी के अध्यक्ष केशर सिंह कठैत, सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल, मुख्य पुजारी सुधीर चंद्र बड़थ्वाल व मंच संचालक नागेंद्र जुगरान सहित अन्य पदाधिकारियों ने मेला कार्यक्रम जारी किया। इस मौके पर अध्यक्ष कठैत ने बताया कि श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर बलोड़ी परिसर में आगामी 1 से 5 नवंबर तक पांच दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेला आयोजित किया जाएगा। बताया कि मेले के पहले दिन आगामी 1 नवंबर को घाटी के डांग गांव से शिव ध्वजा आएगी, जो ब्रह्मकुंड डडुवा देवी में स्नान के बाद भगवान देवलेश्वर महादेव को अर्पित की जाएगी।

दोपहर एक बजे लोक गायिका संगीता ढौंडियाल व कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। बताया कि दो नवंबर को देवडोलियां मंदिर आएंगी, परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से उत्सव ग्रुप की ओर से प्रसिद्ध नाटक चक्रव्यूह का मंचन किया जाएगा। बताया कि तीन नवंबर को खेल प्रतियोगिताएं, खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। देव डोलियों के आगमन के साथ ही घाटी के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

सचिव जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि चार नवंबर को मेले में रुद्राभिषेक, खेल प्रतियोगिताएं व महिला कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुतियां होंगी। हास्क कलाकार संदीप छिलबट दर्शकों को गुदगुदाएंगे। रात्रि जागरण लोक गायक मुकेश कठैत व उनकी टीम करेगी। बताया कि पांच नवंबर को हवन-पूजन, पूर्णाहुति, विशाला भंडारा आयोजित होगा। लोक गायक साहब सिंह रमोला व उनकी टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी। पुरस्कार वितरण के साथ महोत्सव संपन्न होगा।

खड़ा दीया अनुष्ठान के लिए पंजीकरण हुआ शुरु

पौड़ी: बैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर आगामी 4 नवंबर की शाम को देवलेश्वर महादेव मंदिर में खड़ा दीया अनुष्ठान होगा। जिसमें नि:संतान दपंत्ति संतान प्राप्ति के लिए भगवन शिव की आराधना करेंगे। मंदिर के मुख्य पुजारी सुधीर चंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि मंदिर में खड़ा दीया अनुष्ठान के लिए पंजीकरण शुरु हो गया है। देश-दुनिया से नि:संतान दंपत्ति पंजीकरण कर सकते हैं। बताया कि 4 नवंबर की शाम को अनुष्ठान शुरु होगा। नि:संतान संपत्ति भगवन देवलेश्वर की खड़ा दीया यज्ञ पूजन करेंगे। पांच नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में दंपत्तियां स्नान कर प्रसाद ग्रहण करेंगे।

(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह

Most Popular

To Top