Jammu & Kashmir

महिला कहानी पाठ कार्यक्रम का आयोजन, डोगरी साहित्य में नारी सशक्तिकरण को मिला नया आयाम

महिला कहानी पाठ कार्यक्रम का आयोजन, डोगरी साहित्य में नारी सशक्तिकरण को मिला नया आयाम

जम्मू, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जम्मू-कश्मीर अकादमी ऑफ आर्ट, कल्चर एंड लैंग्वेजेज़ द्वारा महिला कहानी पाठ शीर्षक से एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन के.एल. सैगल हॉल, राइटर्स क्लब, जम्मू में किया गया। इस विशेष आयोजन में नौ प्रमुख महिला लघुकथा लेखिकाओं ने अपनी नवीनतम कहानियाँ प्रस्तुत कीं जिनमें डोगरा संस्कृति, परंपरा और समाज के विविध रंग झलके। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रो. सुषमा शर्मा, विभागाध्यक्ष, डोगरी विभाग, जम्मू विश्वविद्यालय ने की, जबकि कृष्ण शर्मा, वरिष्ठ डोगरी लेखक, मुख्य अतिथि रहे। वहीं डॉ. जावेद राही (डिविजनल हेड, जे.के.ए.ए.सी.एल. जम्मू), रीता खद्याल (संपादक, डोगरी) और कृष्णा प्रेम (वरिष्ठ लघुकथा लेखिका) भी शामिल रहे। डॉ. जावेद राही ने डोगरी साहित्य को समृद्ध करने में महिला लेखिकाओं के योगदान की सराहना की और आश्वासन दिया कि अकादमी भविष्य में महिला रचनाकारों को और अधिक मंच उपलब्ध कराएगी।

कृष्ण शर्मा ने अपने संबोधन में समकालीन डोगरी साहित्य में महिलाओं की भागीदारी को सराहा और साहित्यिक मंचों पर लैंगिक समानता की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, प्रो. सुषमा शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में साहित्य में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला लेखिकाओं की नई कथा शैली डोगरी साहित्य को नई दिशा प्रदान कर रही है। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कृष्णा प्रेम ने अपनी कहानी एक मालती का पाठ किया। इसके बाद हुए पहले कहानी पाठ सत्र की अध्यक्षता ओ.पी. शर्मा विद्यार्थी ने की, जिसमें प्रो. अर्चना केसरी, संतोष सांगड़ा, सरोज बाला और डॉ. स्वतंत्र मेहरा ने अपनी कहानियाँ प्रस्तुत कीं।

दूसरे सत्र की अध्यक्षता इंदरजीत केसरी ने की, जिसमें निर्मल विक्रम, डॉ. आशु शर्मा, डॉ. राधा रानी और डॉ. शीतल शर्मा ने अपने रचनात्मक कार्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पद्मश्री मोहन सिंह, प्रो. राज कुमार, डॉ. पदम देव सिंह, डॉ. अशोक खजूरिया, शेख मोहम्मद कल्याण, जंग एस. वर्मन, डॉ. अशोक गुप्ता, कैप्टन ललित शर्मा और विजय वर्मा सहित कई साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top