Assam

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में रोजगार सृजन की नई मिसाल: भाजपा

भाजपा का ध्वज

गुवाहाटी, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि सुशासन और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए असम सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में एक लाख से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। सरकार अब दो लाख नियुक्तियों के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अक्टूबर माह में ही 35,000 और उम्मीदवारों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा फेसबुक लाइव संबोधन में बताया गया कि असम पुलिस में 5,614 कांस्टेबल पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जिससे हजारों युवाओं के सपने पूरे हुए हैं। इसी के साथ स्वास्थ्य विभाग के 3,698 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के परिणाम भी शीघ्र घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एडीआर परीक्षा के तहत चतुर्थ श्रेणी पदों के परिणाम 15 अक्टूबर को तथा पीजीटी (स्नातकोत्तर शिक्षक) पदों के परिणाम 17 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।

भाजपा असम प्रदेश की प्रवक्ता ज़फरीन मेहजबीन ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को एक लाख सरकारी नौकरियां प्रदान करने के वादे को पूरा करने के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कभी इस वादे को असंभव बताया था, लेकिन आज यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और ठोस कार्यान्वयन का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि नवंबर तक 38,000 और नियुक्तियां दी जाएंगी, जिससे रोजगार सृजन की यह प्रक्रिया और गति पकड़ेगी। साथ ही मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) के तहत एक लाख युवाओं—पुरुषों और महिलाओं—को पांच लाख रुपये की सहायता दी जा रही है ताकि वे उद्यमिता के क्षेत्र में कदम बढ़ा सकें। जिन लाभार्थियों ने पहली किस्त का सही उपयोग किया है, उन्हें अब दूसरी किस्त दी जाएगी।

मेहजबीन ने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पारंपरिक रोजगार नीति की सीमाओं को तोड़ते हुए सरकारी भर्ती को उद्यमिता विकास के साथ जोड़ा है। यह दोहरी नीति—योग्यता आधारित भर्ती और आत्मनिर्भरता पर बल—राज्य में समग्र सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के बाद मुख्यमंत्री का लक्ष्य और दो लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का है, जिससे मानव संसाधन विकास और समावेशी प्रगति के लिए एक दीर्घकालिक ढांचा तैयार होगा।

भाजपा असम प्रदेश ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया ने लाखों परिवारों में उम्मीद और सम्मान की नई रोशनी जगाई है। भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के पिछले दौर की तुलना में भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के विज़न को मूर्त रूप देते हुए विश्वसनीयता, निष्पक्षता और अवसर की नई परंपरा स्थापित की है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top