
सिरसा, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के कारण ही आज हम अपनी समृद्ध संस्कृति को जान पा रहे हैं। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को हमारे देश के महान गौरवशाली संस्कृति से रूबरू करवाया जाए। यह संस्कृति की सरकार है, इसने जनता की सोच बदलने का काम किया है और निरंतर हर वर्ग के उत्थान में लगी हुई है। मंत्री सोमवार को सिरसा जिला के गांव जलालआना में भगवान वाल्मीकि मंदिर में भगवान वाल्मीकि की मूर्ति स्थापना अवसर पर आयोजित कार्यक्रमको संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के वैज्ञानिक युग में भी भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं प्रासंगिक हैं और मानवता को दिशा देने वाली हैं। भगवान राम के जीवन से हमें सच्चे अर्थों में जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन ने हमें यह सिखाया कि जब तक हर वर्ग का साथ नहीं मिलेगा, तब तक सफलता संभव नहीं है। मंत्री बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने संत महापुरुषों के सम्मान में व उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य व जिला स्तर पर जयंती मनाने का निर्णय लिया। आज प्रदेश में सभी संत महापुरुषों की जयंती पर राज्य व जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा पूरे प्रदेश में संत महापुरुषों के नाम पर विश्वविद्यालय व संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सरकार हर वर्ग की चिंता करने वाली सरकार है, सरकार लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से 23 साल से बड़ी पात्र बहनों को 2100 रुपये दे रही है। सबसे अधिक बुढ़ापा पेंशन, दिव्यांग व वृद्धावस्था पेंशन हरियाणा सरकार दे रही है। बिना पर्ची और खर्ची के लाखों पात्र युवाओं को रोजगार मिला है।
कार्यक्रम में मुख्य सेवादार बाबा महिंद्रनाथ, जिला अध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट व नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, राजेंद्र सिंह देसूजोधा, टिशू प्रधान, मोहन लाल जिंदल, प्रधान जगसीर सिंह, सरपंच अंग्रेज सिंह, सुरेंद्र सिंह, विरेंद्र आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
