West Bengal

दुर्गापुर सामूहिक दुष्कर्म मामले में तृणमूल से जुड़ा हैं गिरफ्तार आरोपित : शुभेंदु अधिकारी

Suvendu

– दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में भाजपा ने शुरू किया छह दिवसीय धरना

कोलकाता, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को छह दिनों तक चलने वाला धरना प्रदर्शन शुरू किया। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में इस धरने की शुरुआत की।

धरना स्थल से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए अधिकारी ने कहा, “हम अपनी ओडिशा की बहन की रक्षा नहीं कर सके और इस राज्य की मुख्यमंत्री महिलाओं से खुद अपनी सुरक्षा का इंतजाम करने को कहती हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपितों में से एक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का कार्यकर्ता है।

अधिकारी ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने धरना स्थल पर मंच लगाने समेत आंदोलन में बाधा डालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन पूरे छह दिनों तक जारी रहेगा।

धरने की शुरुआत से पहले शुभेंदु अधिकारी ने दुष्कर्म पीड़िता के पिता से मुलाकात की और उन्हें न्याय के संघर्ष में पार्टी की ओर से पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। बाद में वे उन्हें मंच पर भी लेकर आए।

इस घटना को लेकर राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। भाजपा ने इसे कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए राज्य सरकार पर हमला तेज कर दिया है। पार्टी ने इस घटना को ममता सरकार की ‘विफलता का प्रतीक’ बताया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को छात्राओं से अधिक सावधानी बरतने और रात को बाहर नहीं निकलने की नसीहत दी थी, जिस पर विपक्षी दलों ने उन्हें ‘पीड़िता को दोष देने’ का आरोप लगाया।

इसी बीच, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) और अन्य संगठनों ने भी न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। डॉक्टरों के एक संगठन ने उस अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन किया, जहां पीड़िता का उपचार चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि, ओडिशा के बालेश्वर जिले के जलेश्वर की रहने वाली 23 वर्षीय मेडिकल छात्रा के साथ शुक्रवार की रात कॉलेज से बाहर भोजन के लिए जाने के दौरान सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।—————–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top