मुंबई, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को महाविकास आघाड़ी में शामिल करने का जोरदार विरोध किया है। मुंबई कांग्रेस इस संबंध में कांग्रेस हाईकमान तक अपनी भूमिका को पहुंचाने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बीएमसी चुनाव 2026 को लेकर आज सांताक्रुज के गैलेक्सी होटल में महाराष्ट्र प्रभारी चेन्निथला की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़, भाई जगताप और ज्योति गायकवाड़ मौजूद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस बैठक में मुंबई के अधिकांश कांग्रेस नेताओं ने एकमत से बीएमसी चुनावों के लिए ‘एकला चलो रे’ रुख़ पेश किया। सभी नेताओं ने मुंबई महानगरपालिका के लिए अपने दम पर लडऩे की पुरज़ोर माँग की। सूत्रों ने यह भी बताया कि बैठक में राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के साथ न जाने की बात की की गई और सभी पदाधिकारियों ने कहा कि इससे पार्टी को नुकसान होगा। पार्टी पदाधिकारियों ने स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लडऩे का सुझाव वरिष्ठ नेताओं को दिया है।
मुंबई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि मुंबई में कांग्रेस की हर विभाग में ताकत है, इसलिए अकेले दम पर बीएमसी चुनाव लडऩे से पार्टी को लाभ होगा। महानगरपालिका की किसी भी सीट पर दोस्ताना मुकाबला नहीं होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी की बैठक में मुंबई कांग्रेस के इस रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने कहा कि उनका प्रयास महाविकास आघाड़ी को साथ लेकर चलने का है। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की भी यही भूमिका है। इस संबंध में सभी सहयोगी दलों से बातचीत की जाएगी।
___________
—————
(Udaipur Kiran) यादव
