सिलीगुड़ी, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी स्थित एक चाय बागान से एक वयस्क तेंदुए का शव बरामद हुआ है। इस घटना से सचिंद्र चंद्र चाय बागान में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के बाद रविवार सुबह मजदूर चाय बागान के पांच नंबर सेक्शन में चाय की पत्ती तोड़ने गए थे। पत्ते तोड़ते समय दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने चाय के पेड़ों के बीच एक तेंदुए का शव पड़ा देखा। मजदूरों में तुरंत दहशत फैल गई। इसके बाद उन्होंने चाय बागान के प्रबंधक को सूचना दी। जिसके बाद बागान के अधिकारियों ने वन विभाग को सूचित किया। खबर मिलते ही घोषपुकुर रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे।खबर फैलते ही तेंदुए को देखने के लिए काफी लोग जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चाय बागान में कई तेंदुए हैं। कभी-कभी मजदूरों को चाय बागान की सड़क पर तेंदुआ दिखाई देते है। मजदूरों की मांग है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने की व्यवस्था करे।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, वन कर्मियों ने तेंदुए का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग ने कहा कि तेंदुए की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
