HimachalPradesh

कांग्रेस का ठियोग में वोट चोर, कुर्सी छोड़ अभियान, रजनी पाटिल ने भाजपा पर लगाया लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप

शिमला, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य और हिमाचल प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र को कमजोर करने और जनमत की चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कई राज्यों में भाजपा की वोट चोरी के प्रमाण प्रस्तुत किए हैं, लेकिन चुनाव आयोग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

रजनी पाटिल शनिवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र के नारकंडा और ठियोग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चलाया गया वोट चोर, कुर्सी छोड़ अभियान देशभर में जनता का व्यापक समर्थन हासिल कर रहा है। इस अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान पूरा कर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजा जाए, जिससे इसे आगे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जा सके।

इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि ठियोग क्षेत्र में अब तक 70 प्रतिशत हस्ताक्षर अभियान पूरा हो चुका है और 15 अक्टूबर तक इसे 100 प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने ठियोग के लोगों द्वारा कांग्रेस को दिए जा रहे समर्थन के लिए आभार भी जताया।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Most Popular

To Top