Uttar Pradesh

जनकल्याणकारी योजनाएं 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को दिलाएंगी बढ़त : भूपेंद्र सिंह चौधरी

कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सिंह चौधरी व अन्य का छायाचित्र

कानपुर, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत आदि आम जनता तक लाभ पहुंचा रही हैं और यही योजनाएं 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत समर्थन दिलाएंगी। यह बातें कानपुर में शनिवार को निजी कार्यक्रम में शिकरत करने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कही।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम करती है और जनता के हित में लगातार सक्रिय है। पार्टी निरंतर अपने कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से जनता तक पहुंच बना रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती मायावती ने जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब सपा और कांग्रेस को ही देना चाहिए। भाजपा इन विवादों में न पड़कर, सिर्फ विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो हर महापुरुष का सम्मान करती है और यह प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिकता होती है। उन्होंने संगठनात्मक स्तर पर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद अब भाजपा में जिला पदाधिकारियों के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होने के सवाल पर उन्होंने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन यह जरूर कहा कि अखिलेश यादव झूठ और भ्रम की राजनीति करते हैं, और जनता अब उनके झूठ में नहीं आने वाली।

भूपेंद्र चौधरी ने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि भाजपा जनता की सेवा को ही अपना उद्देश्य मानती है और 2027 में भाजपा की जीत का आधार आज चल रहे यही कार्यक्रम और योजनाएं बनेंगे।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top